
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के मेन रोड में दस जून को हुई हिंसक घटना के बाद पांचवें दिन मंगलवार को धीरे-धीरे ही सही लेकिन जनजीवन सामान्य होने लगा है। हालांकि, मेन रोड में अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर चर्च कॉम्प्लेक्स तक की सभी दुकानें बंद रहीं। मेन रोड पर निकलने वाली हरेक गलियों में बैरिकेडिंग लगा दी गई है और वहां पर पुलिस के जवान तैनात हैं। हर आने जाने वाले लोगों पर पुलिस नजर रख रही है। स्थिति सामान्य है और मामला नियंत्रण में है।
हिंसा के बाद राजधानी में कुछ असामाजिक तत्व रांची में अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश में हैं। रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में सोमवार देर रात धार्मिक नारेबाजी की गई। घरों की लाइट बुझा कर नारेबाजी की जा रही थी। नारेबाजी की वजह से दूसरे समुदाय के लोग दहशत में हैं।