हजारीबाग के सदर ब्लॉक की BDO के खिलाफ भाजपा ने दिया धरना

हजारीबाग। सदर प्रखंड की BDO गुंजन कुमारी सिन्हा के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय के सामने शुक्रवार को धरना दिया. भाजपा की ओर से बताया गया कि इस धरने में आम जन भी शामिल हुए, वे BDO के अकर्मण्यता के भुक्तभोगी हैं. इस धरने में हजारीबाग से भाजपा विधायक मनीष जायसवाल, जिलाध्यक्ष अशोक यादव भी उपस्थित हुए.

मनीष जायसवाल ने कहा कि जब से BDO गुंजन कुमारी सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया है, तब से सदर प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा योजना, 15वां वित्त योजना, विभिन्न प्रमाण पत्र, विभिन्न प्रकार के पेंशन योजना, विधायक-सांसद मद का क्रियान्वयन पूरी तरह ठप हो गया है. उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं की शिकायत पर कई बार इनसे बात कर जनहित के कार्यों में गति लाने का आग्रह भी किया, लेकिन वे कहती रही हैं कि उन्हें चीजों को समझने में थोड़ा समय लग रहा है.

भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान अधिकारी और कर्मचारी नहीं करेंगे, तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी. उन्होंने हेमंत सोरेन पर प्रहार करते हुए उनकी सरकार में विधि व्यवस्था से लेकर घटना, दुर्घटना, हत्या दुष्कर्म और नौकरशाह की मनमानी चरम पर होने की बात कही. धरना प्रदर्शन के माध्यम से BDO पर कार्रवाई की मांग की गयी है. दिन भर चले प्रदर्शन में खूब नारेबाजी भी की गयी.

Exit mobile version